मौलेखाल(अल्मोड़ा)। सरकार ने हर छोटे-बड़े काम के लिए आधार कार्ड जरूरी कर दिया है लेकिन सल्ट के लोगों के लिए आधार कार्ड बनवाना किसी चुनौती से कम नहीं है। डाकघर में लगी मशीन दो साल से खराब है और यहां ऑपरेटर भी तैनात नहीं हैं। ऐसे में यहां की 30 हजार से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि जरूरतमंदों को आधार कार्ड बनवाने के लिए नैनीताल जिले के रामनगर या पौड़ी गढ़वाल की दौड़ लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
सल्ट विकासखंड की 30 हजार से अधिक की आबादी के लिए स्थानीय स्तर पर आधार कार्ड बनवाने के लिए डाकघर में मशीन स्थापित की गई थी। लेकिन दो साल से मशीन शो-पीस बनी हुई है। डाक विभाग ने मशीन तो ठीक नहीं कराई यहां तैनात ऑपरेटर को अन्य डाकघर में स्थानांतरित कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। अब इसका खामियाजा यहां के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
नजदीक में कहीं भी आधार कार्ड बनाने की व्यवस्था न होने से बच्चों से लेकर महिलाओं और युवाओं को नैनीताल जिले के रामनगर की दौड़ लगानी पड़ रही है। इसके अलावा स्याल्दे क्षेत्र के सराईखेत सहित आसपास के गांव पौड़ी गढ़वाल की सीमा से सटे हैं। स्थानीय स्तर पर आधार न बनने से वे पौड़ी जाकर आधार कार्ड बनवा रहे हैं। आधार कार्ड की छोटी-मोटी गलतियों को दूर करने के लिए भी खासी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। संवाद
50 रुपये की जगह किराये में खर्च हो रहे हैं 100 से 180 रुपये
मौलेखाल। 50 रुपये में बनने वाले आधार कार्ड के लिए सल्ट के लोगों को 100 से 180 रुपये सिर्फ रामनगर तक के सफर के लिए चुकाने पड़ रहे हैं। सल्ट के गांवों से रामनगर की दूरी 50 से 100 किमी तक है। आधार कार्ड में संशोधन या नया आधार बनवाने के लिए लोगों को रामनगर जाना पड़ रहा है। आधार कार्ड की कीमत के सापेक्ष किराये में ही दो से तीन गुना रुपये देने पड़ रहे हैं। संवाद
बोले लोग
डाकघर में दो साल से आधार नहीं बन पा रहे हैं जिससे दिक्कत हो रही है। हमें पौड़ी गढ़वाल जाकर आधार बनाना पड़ रहा है। - सुरेंद्र नेगी, सराईखेत।
डाकघर में लगी मशीन दो साल से शोपीस बनी है, जिसे ठीक नहीं किया जा रहा है। इसकी कीमत हमें चुकानी पड़ रही है। - मनमोहन बंगारी, मानिला।
बच्चों को भी 100 किमी दूर रामनगर ले जाना पड़ रहा है, तब जाकर उनके आधार बन पा रहे हैं। हमारी परेशानी किसी को नहीं दिख रही है। - रणजीत सिंह, पैसिया।
हर काम में आधार मांगा जा रहा है। लेकिन स्थानीय स्तर पर आधार नहीं बन पा रहे हैं। सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं व बच्चों को झेलनी पड़ रही है। - संतोष कुमार, मौलेखाल।
सल्ट डाकघर में मशीन खराब होने से आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। जल्द मशीन ठीक करने के साथ ही ऑपरेटर की तैनाती होगी। - आरके बिनवाल, डाक अधीक्षक, प्रधान डाकघर, अल्मोड़ा।