नगर पालिका धरने में जनगीत गाते आंदोलनकारी। संवाद
रानीखेत (अल्मोड़ा)। छावनी परिषद से चिलियानौला नगर पालिका में शामिल करने की मांग के लिए रानीखेत संघर्ष समिति का धरना 17वें दिन रविवार को भी जारी रहा। गांधी चौक स्थित धरना स्थल पर आंदोलनकारियों ने जनगीत गाए। तीन अप्रैल को बैठक बुलाई गई है जिसमें संघर्ष समिति संयोजक मंडल का गठन किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को उग्र रूप देने की रणनीति बनाई जाएगी।
आंदोलनकारियों ने कहा कि कैंट के जटिल कानूनों से नागरिक परेशान हैं और छावनी परिषद से संपूर्ण आजादी चाहते हैं। वक्ताओं ने कहा कि जिस तरह से मशाल जुलूस और बाजार बंद को सफलता मिली इससे जाहिर है कि लोगों का अब छावनी परिषद से मोह भंग हो चुका है और वह नगर पालिका में शामिल होना चाहते हैं।
वक्ताओं ने कहा कि जब तक नगर पालिका में शामिल नहीं किया जाता आंदोलन जारी रहेगा। वहां संघर्ष समिति के हेमंत माहरा, खजान जोशी, प्रमुख हीरा रावत, विमल सती, पूर्व प्रमुख रचना रावत, नेहा माहरा, दीपक गर्ग, मोहन नेगी, गिरीश भगत, दीप भगत, कैलाश पांडे, उमेश भट्ट सहित कई संगठनों के लोग मौजूद रहे।