रानीखेत (अल्मोड़ा) रानीखेत में शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में युवा व्यापारी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। जरूरी बाजार निवासी सनीद साह पुत्र भरत लाल साह की ओर से कोतवाली रानीखेत में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। तहरीर में बताया कि 23 जनवरी की रात करीब 10 बजे उनका भाई ईशांत साह उर्फ लव (34) अपनी दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मिलन रेस्टोरेंट के पास गांधी चौक की ओर से तेज और अनियंत्रित गति से आ रहे डंपर संख्या यूके19सीए 3737 ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि ईशांत साह की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षदर्शी निखिल उपाध्याय के अनुसार डंपर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को भी टक्कर मार दी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। सीओ रानीखेत विमल प्रसाद ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। डंपर को कब्जे में लिया गया है। जल्द ही आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया जाएगा