चौखुटिया (अल्मोड़ा)। आदर्श महिला श्रीरामलीला समिति की ओर से गनाई में 10 नवंबर से महिला रामलीला का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। समिति की ओर से क्षेत्रवासियों को आमंत्रित करते हुए परिवार सहित रामलीला में पहुंचने की अपील की गई है। समिति ने आमंत्रण संदेश जारी कर कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है। रामलीला के माध्यम से कलाकार प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र का मंचन करेंगे। दर्शकों की उपस्थिति से कलाकारों का उत्साह बढ़ेगा और प्रभु श्रीराम के पावन दरबार की शोभा भी बढ़ेगी। समिति ने क्षेत्र के सभी भाई-बहनों से रामलीला में पहुंचकर श्रीराम चरित मंचन का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।