अल्मोड़ा। हल्द्वानी नेशनल हाईवे पर लोधिया के पास बृहस्पतिवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। लोहे के एंगल से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पीछे से आ रही रोडवेज बस से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक में लदे लोहे के एंगल बस की विंडस्क्रीन तोड़ते हुए अंदर तक घुस गए। गनीमत रही कि बस चालक और यात्री इसकी चपेट में नहीं आए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बागेश्वर डिपो की रोडवेज बस हल्द्वानी से बागेश्वर की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक तेल से भरा टैंकर अल्मोड़ा की ओर जा रहा था। टैंकर के ठीक पीछे लोहे के एंगल से लदा ट्रक और उसके पीछे रोडवेज बस थी।
चढ़ाई में अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर लुढ़क गया और बस से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक में लदे लोहे के एंगल बस की विंडस्क्रीन तोड़ते हुए अंदर घुस गए।
सौभाग्य से ट्रक में लगे तिरपाल ने एंगल को ज्यादा अंदर घुसने से रोक दिया जिससे बड़ा नुकसान टल गया। बस चालक के पास वाली सीट पर बैठे यात्री की जान भी बाल-बाल बची। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि हादसे में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है। किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी। पुलिस मौके पर भेजा गया था।