आई लव अपुण रानीखेत सेल्फी बोर्ड का टूटा हिस्सा।
रानीखेत (अल्मोड़ा)। नैनीताल बैंक के पास पर्यटकों और स्थानीय लोगों के आकर्षण का केंद्र बना आई लव अपुण रानीखेत सेल्फी बोर्ड का एक हिस्सा टूट गया है। बताया जा रहा है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने बोर्ड को नुकसान पहुंचाया है।
यह सेल्फी प्वाइंट लंबे समय से लोगों के बीच लोकप्रिय था। रानीखेत पहुंचने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग यहां फोटो खींचकर शहर की खूबसूरत यादों को संजोते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार रात के समय यहां कुछ अराजक तत्वों का जमावड़ा रहता है। सेल्फी बोर्ड का हिस्सा टूटने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पर्यटन नगरी की पहचान से जुड़े ऐसे स्थानों की देखरेख और सुरक्षा पर ध्यान दिया जाना जरूरी है। रानीखेत व्यापार मंडल के निवर्तमान उपाध्यक्ष दीपक पंत का कहना है कि इस मामले में कोतवाली में तहरीर दी जाएगी। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।