अल्मोड़ा। नगर के पांडेखोला में 10 एमवीए के नए सब स्टेशन का निर्माण कार्य चल रहा है। छह माह में नया सब स्टेशन बनकर तैयार हो जाने की उम्मीद है। इस सब स्टेशन के बनने से पांडेखोला स्थित बिजली घर की क्षमता बढ़कर दो गुनी हो जाएगी। इसके बाद नगर और आसपास के इलाकों में बिजली व्यवस्था में और अधिक सुधार होगा।
विद्युत विभाग के अल्मोड़ा डिवीजन के अंतर्गत पांडेखोला बिजली घर की क्षमता दस एमवीए की है। इस बिजली घर से अल्मोड़ा शहर के अलावा हवालबाग, लमगड़ा, धौलादेवी, भैंसियाछाना और ताकुला विकासखंड को बिजली सप्लाई होती है। जिला मुख्यालय में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, कलक्ट्रेट भवनों समेत अन्य नए निर्माण कार्य हो रहे हैं।
नए संस्थानों के खुलने से बिजली का लोड भी बढ़ेगा। भविष्य की आवश्यकता को देखते हुए विद्युत वितरण खंड के पांडेखोला बिजली घर में एक और नए 10 एमवीए क्षमता के सब स्टेशन के निर्माण को प्रस्ताव भेजा था, ताकि लोड बढ़ने पर विद्युत व्यवस्था सुचारू रहे।
केंद्र सरकार ने एकीकृत विद्युत विकास योजना के तहत पिछले साल सात करोड़ लागत के जीआईएस सब स्टेशन को मंजूरी दी है। विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता कन्हैया जी मिश्रा ने बताया कि नए सब स्टेशन का सिविल कार्य चल रहा है।
इस सब स्टेशन में पांच-पांच एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगेंगे। जिनमें ऑयल के स्थान पर गैस का उपयोग होगा। नए पावर हाउस का निर्माण कार्य छह माह में पूरा होने की उम्मीद है। पावर हाउस के बनने के बाद भविष्य की जरुरतों पूरी होने के साथ ही बिजली व्यवस्था में और अधिक सुधार होगा।