अल्मोड़ा। फेसबुक पेज पर प्रसारित वीडियो का डीएम अंशुल सिंह ने संज्ञान लिया है। इस पोस्ट में फेसबुक संचालक ने पत्नी का अल्ट्रासाउंड बेस अस्पताल में न होने की शिकायत की थी। बताया कि जब वह अल्ट्रासाउंड कराने बेस अस्पताल पहुंचे तो वहां पर अल्ट्रासाउंड करने वाला स्टाफ उपलब्ध नहीं था।
डीएम अंशुल सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट का संज्ञान लिया है। उन्होंने जिला और बेस अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कहा कि भविष्य में किसी भी आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को ऐसी असुविधा का सामना न करना पड़े। इस मामले में डीएम ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैंसोड़ा से जानकारी ली। डॉ. भैसोड़ा ने बताया कि उस दिन अल्ट्रासाउंड करने वाला डॉक्टर (रेडियोलॉजिस्ट) अवकाश पर था।
डीएम ने जिला और बेस अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि यदि भविष्य में ऐसा कोई तात्कालिक प्रकरण आता है तो आपसी समन्वय से संबंधित मरीज का तत्काल उपचार किया जाए। यदि किसी अस्पताल में किसी कारण से सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही तो दोनों अस्पताल प्रबंधन एक इकाई के रूप में कार्य करते हुए आपसी समन्वय के साथ संबंधित मरीज को उपलब्ध सुविधा का लाभ दें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग जनता के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।