अल्मोड़ा। फायर सीजन में जंगलों के धधकने का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब एनटीडी, गंगनाथ मंदिर के पास जंगल में आग भड़क गई। आग से जंगल में एक हेक्टेयर दायरे में वन संपदा राख हो गई। फायर सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आधे घंटे बाद आग को शांत किया।
शनिवार की दोपहर 1:19 बजे फायर स्टेशन अल्मोड़ा को सूचना मिली की गंगनाथ मंदिर के पास जंगल में अचानक आग लग गई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर सर्विस टीम ने जंगल में धधकी आग पर पानी की बौछार की। 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने किसी तरह आग की लपटों को काबू किया।
आग से जंगल में एक हेक्टेयर क्षेत्र में वन संपदा को नुकसान पहुंचा। सीएफओ नरेंद्र सिंह कुंवर ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टीम ने जंगल की आग को नियंत्रित किया। टीम में गिरीश धारियाल, योगेश शर्मा, भावना, रंजना, बबीता जोशी, इंद्रावती शामिल रहीं।