फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: पहले महिला से गांठी दोस्ती...अब बन गया जान का दुश्मन, लंबे समय से दबा ब्लैकमेलिंग का मामला उजागर

Thu, 10 Apr 2025 11:04 AM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, अल्मोड़ा

सार

अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर की एक महिला के साथ ब्लैकमेलिंग और ठगी का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। अब महिला ने सोमेश्वर थाने में इसके खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ ब्लैकमेलिंग और ठगी का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। एक अनजान व्यक्ति महिला को प्रेमजाल में फंसाकर उससे ठगी पर उतर आया। यह खेल लंबे समय से चल रहा था लेकिन महिला बदनामी के भय से इसे झेलती रही। करीब तीन साल से इंस्टाग्राम के माध्यम से महिला से दोस्ती गांठने वाला व्यक्ति अब जान लेने की धमकी देने पर उतर आया है। अपना नाम आनंद सिंह बताने वाले इस अंजान व्यक्ति से आजिज आकर अब महिला ने सोमेश्वर थाने में इसके खिलाफ तहरीर दी है।

विज्ञापन


महिला सोमेश्वर थाना क्षेत्र की निवासी है। तहरीर के अनुसार साल 2023 में इस महिला के मोबाइल में इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति का मैसेज आया और उसने अपनी मीठी-मीठी बातों में उलझाकर महिला से दोस्ती गांठ ली। अपना नाम आनंद सिंह बताते हुए उस व्यक्ति ने महिला से उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद दोनों के बीच लगातार फोन व मैसेज से बातों का सिलसिला चल पड़ा। जब महिला के पति को दोनों के बीच बातचीत का पता चला तो उसने पत्नी का सिम अपने पास रख लिया। कुछ दिनों बाद वह व्यक्ति महिला के दूसरे मोबाइल नंबर पर बातें करने लगा।

एक दिन उस व्यक्ति ने महिला को फोन कर कहा कि तुम्हारे मोबाइल में एक ओटीपी आया होगा, वह नंबर बता दो। झांसे में आकर महिला ने ओटीपी नंबर भी बता दिया। फिर उसने महिला का मोबाइल नंबर हैक कर लिया और उसी नंबर से व्हाट्सएप और इंंस्टाग्राम चलाना शुरू कर दिया। चंद माह पूर्व महिला से फोटो और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर भेजने के लिए कहने लगा। जब महिला ने मना किया तो उसने नहीं भेजने पर महिला के पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
विज्ञापन


महिला ने उसका नंबर ब्लैकलिस्ट में डाल दिया। इसके बाद उसने गांव में कुछ अन्य लोगों को फोन करके महिला से बात कराने की जिद की जब बात कराई तो वह उसे फिर धमकाने लगा। फिर भय के चलते महिला ने वीडियो बनाकर उसे भेज दी। इसके बाद वह फोन पर गूगल पे से रुपये भेजने की मांग करने लगा। रुपये नहीं भेजने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। उसकी धमकी से भयभीत होकर महिला ने उसे गूगल पे से कभी 2000, तो कभी 5000 रुपये भी भेज दिए और अब तक वह 10 हजार रुपये दे चुकी है। वह अब एक लाख रुपये की मांग करने लगा है और यह धनराशि नहीं भेजने पर महिला को उसके बच्चों का अपहरण कर जान से मारने की धमकी देने लगा है। जब धन नहीं भेजा तो उस ठग ने होली के दौरान महिला की वीडियो वायरल कर दी। इसके बाद भी वह व्हाट्सएप पर लगातार मैसेज भेजकर धमकी दे रहा है। यहां तक कि महिला के पति और रिश्तेदारों को भी फोन कर धमकाने लगा है।

महिला ने उक्त बातों का उल्लेख करते हुए स्वयं के साथ ही अपने परिवार को इस व्यक्ति से खतरा बताया है और संबंधित के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले में धारा 308, 75, 78, 79 बीएनएस और 67 आईटी एक्ट आदि धाराओें में केस दर्ज कर गहन छानबीन शुरू कर दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें