अल्मोड़ा। मटेला गांव में तेंदुए की सक्रियता बढ़ने से लोग खौफ में हैं। तेंदुए के डर से लोग शाम होते ही घरों के भीतर दुबकने को मजबूर हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग की टीम लगातार तेंदुए की तलाश में गांव में गश्त कर रही है। अब विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगा दिया है।
वन विभाग के अनुभाग अधिकारी अमित सिंह भैसोड़ा ने बताया कि पिंजरा लगाने के साथ ही टीम ग्रामीणों को वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए जागरूक कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से घर के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, झाड़ियों को काटने, विद्यार्थियों और महिलाओं को समूह में जाने, रात्रि में बाहर न निकलने और मवेशियों को खुले में न छोड़ने और गोशाला में मजबूत दरवाजे और खिड़कियां लगाने के लिए जागरूक किया। टीम में वन दरोगा रिषभ सेमवाल, नीरज नेगी, मनोज जोशी सहित ग्रामीण मौजूद रहे।