अल्मोड़ा। कोसी नदी पर खूंट, धामस सहित आठ से अधिक गांवों के लोगों को सड़क सुविधा का लाभ देने के लिए छह करोड़ रुपये से पुल का निर्माण होगा। 60 मीटर लंबे इस पुल के अस्तित्व में आने से इन गांवों की 25 हजार की आबादी की आवाजाही आसान होगी। पुल निर्माण के लिए शासन से लोक निर्माण विभाग को वित्तीय स्वीकृति भी मिल चुकी है। इससे लोगों को राहत पहुंची है।
हवालबाग स्थित कोसी नदी पर आठ से अधिक गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए छह करोड़ रुपये से 60 मीटर लंबे पुल का निर्माण होगा। नदी पर पुल नहीं होने से अब तक इन गांवों के लोग 30 किमी अतिरिक्त फेरा लगाकर मुख्य सड़क तक पहुंचने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने नदी पर पुल बनाने के लिए कई बार आंदोलन तक किए। आखिरकार शासन से लोनिवि को पुल निर्माण कार्य के लिए छह करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिली है। पुल निर्माण की जिम्मेदारी एडीबी कार्यदायी संस्था को दी गई है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुल बनने से इन गांवों में विकास कार्यों में तेजी आएगी, वहीं युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
-
कोट
- पुल निर्माण कार्य के लिए लोनिवि को बजट अवमुक्त हो चुका है। टेंडर प्रकिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसका सीधा लाभ इन गांवों के लोगों को मिलेगा। -अजय कुमार शास्त्री, एई, एडीबी, लोनिवि अल्मोड़ा