अल्मोड़ा। भारी बर्फबारी के बाद मंगलवार को धूप खिलने से प्रकृति ने लोगों को जरूर राहत दी लेकिन प्रशासन और विभागों के उदासीन रवैये के कारण पानी, बिजली, यातायात सभी व्यवस्थाएं अस्तव्यस्त पड़ी हैं। जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़, अल्मोड़ा-सेराघाट और अल्मोड़ा-शहरफाटक मोटर मार्ग दूसरे दिन भी नहीं खुले हैं। इस कारण सैकड़ों यात्री जहां तहां फंसे हुए हैं। नगर के अधिकांश हिस्सों में बिजली की आपूर्ति ठप पड़ी है। जबकि पेयजल व्यवस्था पूरी तरह ठप है।
अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा-बेरीनाग मार्ग में काफी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं। सैकड़ों यात्री जहां-तहां फंस गए हैं। सड़कें खोलने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त प्रयास नहीं किए जिससे मार्गों में फंसे यात्रियों में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के प्रति भारी रोष देखा गया। यात्रियों ने बताया कि प्रशासन के बड़े अधिकारी मौके तक नहीं पहुंचे। इधर नगर के अधिकांश हिस्सों में दूसरे दिन भी पानी और बिजली की आपूर्ति ठप पड़ी है। विद्युत विभाग के एमडी सुमेर सिंह यादव और मुख्य अभियंता एचके गुरुरानी ने अल्मोड़ा पहुंचकर दावा किया था कि मंगलवार रात तक नगर के अधिकांश इलाकों में बिजली की आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी लेकिन उनके दावे सही साबित नहीं हुए। बिजली की आपूर्ति सुचारु नहीं होने के कारण जल संस्थान के पंप भी नहीं चल सके। जल संस्थान के अधिसाशी अभियंता नंदकिशोर ने बताया कि मंगलवार रात तक पातालदेवी में बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है जिससे बुधवार को भी पानी की आपूर्ति नहीं हो सकेगी।