रानीखेत (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड कराटे डू एसोसिएशन की ओर से सेना के नरसिंह मैदान में शनिवार से 11वीं राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने किया। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन, मेहनत और लगन के बिना सफलता नहीं मिलती। प्रतिभागियों को इन तीनों को आधार बनाकर आगे बढ़ना होगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष नंद किशोर गर्ग की अध्यक्षता में हुए उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी रािशका सिद्दीकी ने भी कराटे के आयोजन के लिए एसोसिएशन का आभार जताया। आयोजक और राष्ट्रीय रेफरी सतीश जोशी ने अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, हरिद्वार, देहरादून सहित तमाम जिलों के 200 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। युवाओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और अपने-अपने मुकाबले जीते। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष के मीडिया सलाहकार राजेंद्र जसवाल, ललित बिष्ट, गोधन सिंह बिष्ट, अशोक पंत, ध्यान सिंह नेगी सहित तमाम लोग मौजूद थे।