रानीखेत। पृथक ब्लाक की मांग को लेकर मजखालीवासियों ने अब लामबंदी शुरू कर दी है। प्रस्तावित ब्लाक में शामिल होने वाले न्याय पंचायतों में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। संघर्ष समिति पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की कुंवाली में हुई बैठक में क्षेत्रवासियों ने स्वेच्छा से ब्लाक आंदोलन में शामिल होने का संकल्प जताया। ब्लाक नहीं बनने की स्थिति में पंचायत और लोकसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी गई।
मजखाली को विकासखंड बनाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासी पिछले चार दशकों से संघर्षरत हैं। द्वाराहाट ब्लाक की दूरी अत्यधिक होने के कारण विकास की दृष्टि से क्षेत्र पिछड़ रहा है। कुंवाली न्यायपंचायत में हुई खुली बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता एनएस अधिकारी ने बताया कि ब्लाक की मांग सांसद, विधायक की संस्तुति मिल चुकी है। ताड़ीखेत और द्वाराहाट विकासखंड के अधिकारियों ने मजखाली ब्लाक में शामिल होने वाले गांवों की सूची भी मुख्य विकास अधिकारी को भेज दी है। ग्रामीणों ने स्वेच्छा से ब्लाक आंदोलन में शामिल होेने की सहमति जताई। तय हुआ कि इसके लिए पंचायत और लोस चुनाव का बहिष्कार होगा। बैठक की अध्यक्षता दीनदयाल जोशी ने की। इस अवसर पर मोहन सिंह, महेश वर्मा, जगत नेगी, शिव सिंह, विनोद चंद्र, नंदन सिंह अधिकारी, दीवान मेहता, राजेंद्र बिष्ट, आनंद सिंह, गोपाल सिंह, अनिल जोशी, सतीश जोशी, कुल प्रकाश, जगदीश लाल, जय भगवान जोशी आदि मौजूद थे।