अल्मोड़ा। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में देहरादून में हुई राज्य स्तरीय पंचायत युवा क्रीड़ा और खेलकूद अभियान (पायका) प्रतियोगिता में जिले का प्रदर्शन शानदार रहा है। खिलाड़ियों के पांच स्वर्ण, दो रजत, तीन कांस्य पदक जीते और प्रदेश में अल्मोड़ा जिले ने दूसरा स्थान पाया। यहां पहुंचने पर खिलाड़ियों का स्वागत किया गया।
देहरादून में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की 800 मीटर, 3000 मीटर दौड़ स्पर्धा में प्रियंका पिलख्वाल (हवालबाग), 100 मीटर दौड़ में दीपा मेहता (सल्ट), 200 मीटर में दीपा मेहता, 1500 मीटर में ललिता शर्मा (सल्ट) ने स्वर्ण पदक जीते। जबकि लंबी कूद में दीपा मेहता ने रजत, टीटी में निर्मला जोशी, लक्षित गैड़ा, मुक्ति भाकुनी ने रजत, 1500 मीटर दौड़ और 3000 मीटर दौड़ में हेमा बसेड़ा (द्वाराहाट) ने कांस्य पदक जीते। भाला फेंक में प्रियंका पिलख्वाल ने कांस्य पदक झटका।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने पर प्रियंका पिलख्वाल, दीपा मेहता और ललिता शर्मा का चयन राज्य की टीम में हुआ है। यह तीनों खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी करेंगी। टीम का नेतृत्व क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी डीपीएस नेगी ने किया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर जिला युवा कल्याण अधिकारी नरेश कुमार द्विवेदी आदि ने हर्ष जताया है।