अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में स्नातक तीसरे, पांचवें और स्नातकोत्तर तीसरे सेमेस्टर में पंजीकृत 9991 छात्र-छात्राओं ने अब तक परीक्षाओं के लिए आवेदन ही नहीं किया है। जबकि विद्यार्थियों के पास परीक्षा फॉर्म भरने को केवल दो दिन शेष हैं। निर्धारित तिथि तक परीक्षा फॉर्म नहीं भरने वाले विद्यार्थियों को 500 रुपये विलंब शुल्क चुकाना होगा।
एसएसजे विश्वविद्यालय के अधीन परिसर और महाविद्यालयों में स्नातक तीसरे, पांचवें और स्नातकोत्तर तीसरे सेमेस्टर में 16691 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश के लिए पंजीकरण किया है। लेकिन इसके सापेक्ष अब तक केवल 6700 विद्यार्थियों ने ही परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है। जबकि 9991 विद्यार्थियों ने परीक्षा फार्म ही नहीं भरा है। विद्यार्थियों के पास परीक्षा के लिए आवेदन को केवल दो दिन शेष हैं।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि 12 नवंबर के बाद परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों से 500 रुपये विलंब शुल्क लिया जाएगा। वहीं 15 नंवबर तक परीक्षा के लिए आवेदन नहीं करने वाले विद्यार्थियों को फिर परीक्षा फॉर्म भरने का मौका देना संभव नहीं हो पाएगा।
छात्र-छात्राओं से अपील है कि निर्धारित तिथि तक परीक्षाओं के लिए आवेदन कर लें। ताकि कोई विद्यार्थी परीक्षा देने से वंचित न रह जाए। तय तिथि के बाद आवेदन करने वाले विद्यार्थियों से विलंब शुल्क लिया जाएगा
- प्रो. पंकज कुमार शाह, परीक्षा नियंत्रक, एसएसजे विवि अल्मोड़ा