अल्मोड़ा। बिजली बिल का बकाया जमा नहीं करने पर विभाग ने कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने दो दिनों में 20 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए हैं।
विद्युत वितरण खंड अल्मोड़ा डिवीजन के अंतर्गत मार्च में छह करोड़ रुपये का राजस्व वसूली का लक्ष्य रखा गया है। अब तक विभाग ने करीब 25 लाख रुपये ही वसूली की है। विभाग ने पांच हजार से लेकर 22 हजार तक के बकाये वाले निजी उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता दीन दयाल सिंह पांगती ने बताया कि शुक्रवार को 16 निजी कनेक्शन और शनिवार को छह कनेक्शन काटे गए हैं।
उन्होंने बताया कि बिजली बिल जमा करने के लिए अल्मोड़ा खंड के अंतर्गत सात टीमें वसूली में जुटी हैं। शनिवार को करीब पांच लाख रुपये की वसूली की गई।
उन्होंने बताया कि सरकारी विभागों को बिल जमा करने के लिए 15 मार्च तक का समय दिया गया है। उसके बाद सरकारी विभागों के कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। बिल जमा करने के लिए छुट्टी के दिन भी काउंटर खोले जा रहे हैं वहीं विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाकर बिजली बिल जमा किया जा रहा है।