मौलेखाल (अल्मोड़ा)। राजकीय इंटर कॉलेज तोल्यो में प्रवक्ताओं के पदों पर आज तक नियुक्ति नहीं हो पाई है। स्थिति यह है कि इंटरमीडिएट कक्षाओं को एलटी संवर्ग के शिक्षक पढ़ा रहे हैं। इससे पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। तल्ला सल्ट ग्राम प्रधान संगठन ने खंड शिक्षाधिकारी के माध्यम से मुख्य शिक्षाधिकारी को ज्ञापन भेजकर प्रवक्ताओं की नियुक्ति नहीं होने पर एक अप्रैल से आंदोलन करने की चेतावनी दी।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोल्यो को 20 दिसंबर 2016 को इंटरमीडिएट में उच्चीकृत किया गया था। इसी दौरान यहां प्रवक्ता पदों के सृजन की स्वीकृति मिली। स्वीकृति मिलने के तीन साल बाद भी विद्यालय में इंटरमीडिएट में प्रवक्ताओं के सृजित पदों पर नियुक्ति नहीं हुई। वर्ष 2018 में विद्यालय में 11वीं कक्षा का संचालन शुरू हो गया था।
आगामी शिक्षा सत्र से 12 वीं कक्षा भी शुरू हो जाएगी। इसके लिए विद्यालय में एक भी प्रवक्ता नहीं है। एलटी संवर्ग के शिक्षक इंटरमीडिएट के बच्चों को पढ़ा रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान संगठन तल्ला सल्ट के अध्यक्ष सुरेंद्र कड़ाकोटी, उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र बिष्ट, आनंद रावत, भरत तड़ियाल, लीला देवी, शांति देवी, उषा देवी, संजय सिंह, त्रिलोक सिंह आदि शामिल हैं।