अल्मोड़ा। पिथौरागढ़ मोटर मार्ग कई स्थानों पर बदहाल बना हुआ है। इस मार्ग पर जगह-जगह डामर उखड़ा हुआ है। बाड़ेछीना से दो किमी दूर शीलगांव के समीप सड़क की दीवार क्षतिग्रस्त होने से मार्ग संकरा हो गया है। इस स्थान पर वाहनों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन आते जाते हैं। मार्ग पर कई स्थानों पर दीवारें क्षतिग्रस्त हैं। बाड़ेछीना से करीब दो किमी दूर शीलगांव के समीप सड़क की दीवार टूटी हुई है। इस स्थान पर सड़क काफी संकरी बनी हुई है। वहीं मार्ग पर काफी मात्रा में मलबा भी पड़ा है और बारिश होने पर कीचड़ होने से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने एनएच के अधिकारियों से मार्ग की दशा सुधारने की मांग की है।