द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत ने क्षेत्र में घूम रहे लावारिस जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की पहल शुरू कर दी है। अध्यक्ष मुकुल शाह की पहल पर तय हुआ है कि पशुुओं को लावारिस छोड़ने वाले लोगों का 500 रुपये चालान काटा जाएगा। इस संबंध में जानकारी देने वाले व्यक्ति को भी एक हजार रुपये पुरस्कार देने पर भी सहमति बनी है।
मालूम हो कि नगर पंचायत क्षेत्र में लावारिस जानवरों की समस्या लंबे समय से चल रही है, लेकिन इस संबंध में आज तक कोई भी सार्थक कार्रवाई नहीं हो सकी है। नगर में धड़ल्ले से घूम रहे पशुओं ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। दुकानों के आगे आए दिन गंदगी कर जाते हैं।
इधर अब नई नगर पंचायत का गठन हो गया है। अध्यक्ष मुकुल शाह की पहल पर लावारिस जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की योजना बनी है। तय हुआ है कि सबसे पहले पशुओं को लावारिस छोड़ने वाले लोगों को चिन्हित कर उनका चालान किया जाएगा, चालान की राशि 500 रुपये निर्धारित की गई है। पशुओं को लावारिस छोड़ने वाले व्यक्ति के बारे में सूचना देने वाले लोगों को एक हजार रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप देने की सहमति बनी है। लोगों ने नगर पंचायत की इस पहल का स्वागत किया है। बता दें कि महिलाओं ने लावारिस जानवरों को एकत्रित कर एक बार शीतलापुष्कर मैदान में भी बांध दिया था।