प्रदेश के संसदीय कार्य और पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने कहा है कि अल्मोड़ा नगर की अधूरी पड़ी पेयजल योजनाओं को पूरा करने के लिए जल्द धनराशि स्वीकृत की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के डीएलएड प्रशिक्षुओं को रोजगार देने के मामले में प्राथमिकता तय की जाएगी। वित्त मंत्री पंत सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा नगर की सीवर लाइन लंबे समय से अधूरी है। अधूरी सीवर लाइन को पूरा करने के लिए जल्द स्वीकृति दी जाएगी और धनराशि का व्यवस्था कर सीवर लाइन का काम परा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनसीटी के मानकों के अनुरूप राज्य के बाहर से डीएलएड प्रशिक्षण ले चुके अभ्यर्थियों को रोजगार से रोका नहीं जा सकता है। राज्य के डीएलएड प्रशिक्षुओं के हित प्रभावित नहीं हो इसके लिए मानक तैयार कर प्राथमिकता तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। दायित्वधारियों के अनुभव का उपयोग राज्य के विकास में किया जा रहा है। इससे पूर्व सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने श्री पंत का स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष ललित लटवाल, विनीत बिष्ट, कैलाश गुरुरानी, अजय वर्मा, दर्शन रावत समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।