अल्मोड़ा। वेतन विसंगति दूर करने समेत पूर्व में लिए गए निर्णयों पर शासनादेश जारी न होने से नाराज फार्मासिस्टों ने तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को ड्यूटी अवधि में बांह में काला फीता बांधकर विरोध जताया। मांग पूरी नहीं होने पर नौ जनवरी से प्रदेश व्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी दी।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले आंदोलित फार्मासिस्टों ने अपने-अपने संभागों में काम किया, लेकिन इस दौरान विरोध स्वरूप बांह में काला फीता बांधकर विरोध भी जताया। यहां हुई बैठक में जिलाध्यक्ष डीपी जोशी ने कहा कि संगठन ने संवर्ग पुनगठन, रोगी केयर भत्ता, धुलाई और पोस्टमार्टम भत्ते आदि में व्याप्त विसंगतियों को दूर कर संशोधित शासनादेश जारी करने की मांग की है, लेकिन सरकार ने अभी तक उनकी मांगों को अनसुना किया है।
उन्होंने 15 दिसंबर तक काला फीता बांधकर विरोध करने और उसके बाद तय कार्यक्रमानुसार 17 से 20 दिसंबर तक फार्मासिस्ट विधायक, मंत्रियों से संपर्क कर मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित करने, 21 और 22 दिसंबर को महानिदेशालय के समक्ष उपवास करने और इसके बाद आमरण अनशन करेंगे।
उन्होंने बताया कि आठ जनवरी तक शासनादेश जारी नहीं होने पर नौ जनवरी से फार्मासिस्ट प्रदेश व्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल चले जाएंगे। इस दौरान प्रांतीय अध्यक्ष अशोक पांडे, जिला मंत्री रजनीश जोशी, संस्थापक महामंत्री सीएस मेहरा, प्रेम चंद्र, डीआर आर्या, एचसी जोशी, भुवन जोशी, जीडी जोशी, डीएच जोशी, जीएस मेहता, बीबी जोशी, प्रकाश, राखी राणा, सुमन चम्याल, डीके पांडे, तारा सिंह, बीसी वर्मा, केसी थापा, वीपी पांडे, जीसी पुजारी, जीजी गोस्वामी मौजूद थेे।