अल्मोड़ा। अल्मोड़ा शहर और आसपास के क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने के लिए कोसी नदी में निर्माणाधीन इंटेकवैल के लिए सरकार ने 3.75 करोड़ रुपये और अवमुक्त कर दिए हैं। जिससे इंटेकवेल के निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
अल्मोड़ा शहर और आसपास के क्षेत्रों को कोसी नदी से पानी की आपूर्ति की जाती है। 18 एमएलडी प्रतिदिन पानी की जरूरत है पर पुराने तीन पंपों के सहारे मात्र आठ एमएलडी ही पानी सप्लाई हो पा रहा है। पुराने पंपों के स्थान पर 10.87 करोड़ से इंटेकवैल का निर्माण कोसी नदी में किया जा रहा है। पूर्व में पहली किश्त के रूप में निर्माण एजेंसी निर्माण शाखा उत्तराखंड पेयजल निगम को शासन से 2.25 करोड़ अवमुक्त हुए थे। जिससे विभाग ने कार्य पूरा कर लिया था। करीब सवा साल बाद अब विभाग को दूसरी किश्त में 3.75 करोड़ रुपये और मिल गए हैं।
विभाग के अधिशासी अभियंता केडी भट्ट ने बताया कि 16 मीटर ऊंचे इंटेकवैल का सिविल कार्य पूरा कर लिया गया है। पंपिंग प्लांट लगाने के लिए मैकेनिकल डिवीजन को 1.50 करोड़ रुपये, बिजली लाइन बिछाने के लिए विद्युत वितरण खंड को 20 लाख रुपये दे दिए गए हैं। विद्युत विभाग ने बिजली लाइन बिछाने के लिए टेंडर करा दिए हैं। इंटेकवेल का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि कोसी नदी से पर्याप्त पानी की आपूर्ति हो सके।