अल्मोड़ा। मुख्य शिक्षा अधिकारी जगमोहन सोनी और जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) एचबी चंद ने भैंसियाछाना ब्लॉक के विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया कि जीआईसी नगरखान में एलटी संवर्ग के हिंदी शिक्षक योगेश तिवारी पिछले एक साल से अनुपस्थित हैं। जिस कारण विद्यालय में दूसरे हिंदी शिक्षक की भी तैनाती विभाग नहीं कर पा रहा है और बच्चों की हिंदी विषय की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
अधिकारियों ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालय नगरखान, जीआईसी नगरखान, राजकीय इंटर कालेज बाड़ेछीना, राजकीय बालिका इंटर कालेज बाड़ेछीना का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों के प्रवेश कराने के निर्देश दिए। सभी बच्चों के आधार कार्ड बनाने, बच्चों के आधार नंबर बैंक खाते से लिंक करने, सभी के बैंक खाते खुलवाने आदि की जानकारी दी।
डीईओ (माध्यमिक) एचबी चंद ने बताया कि राजकीय इंटर कालेज में हिंदी के सहायक शिक्षक एक जुलाई 2017 से अनुपस्थित हैं। पूर्व में उन्हें नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अब पुन: नोटिस जारी कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।