फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उतराखंड माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा आज से

विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड की परीक्षाएं सोमवार पांच मार्च से शुरू होंगी। जिले में कुल 140 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में हाइस्कूल और इंटर के कुल 24,316 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इनमें 12234 बालिकाएं और 12082 बालक शामिल हैं। परीक्षा एक ही पाली में सुबह दस बजे से अपराह्न एक बजे तक होगी। पहले दिन इंटर की हिंदी प्रश्न पत्र की परीक्षा निर्धारित है। बोर्ड परीक्षाएं 26 मार्च तक चलेंगी।
विज्ञापन

जिले में हाइस्कूल परीक्षा के लिए 12,380 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। जिसमें 11,545 संस्थागत और 835 व्यक्तिगत हैं। इंटरमीडिएट में कुल 11,936 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिसमें 10,942 संस्थागत और 994 व्यक्तिगत हैं। जिले में कुल 140 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें से दस परीक्षा केंद्रों में सिर्फ छात्राएं ही परीक्षा देंगी, जबकि 130 परीक्षा केंद्रों में छात्र-छात्रा दोनों परीक्षा देंगे। जिले में 30 परीक्षा केंद्र संवेदनशील और एक परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील चिन्हित किया गया है। सबसे अधिक परीक्षार्थियों वाला परीक्षा केंद्र विवेकानंद इंटर कालेज अल्मोड़ा और सबसे कम परीक्षार्थी वाला परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कालेज स्यालीधार है। विवेकानंद इंटर कालेज अल्मोड़ा में 410 और राजकीय इंटर कालेज स्यालीधार में 75 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी जगमोहन सोनी ने बताया कि जिले में बोर्ड परीक्षाओं की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बोर्ड परीक्षा प्रश्न पत्रों और सादी उत्तर पुस्तिकाओं को परीक्षा केंद्रों तक भेज दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रश्न पत्रों को डबल लॉक में रखा गया है। प्रशासन की ओर से सभी उप जिलाधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
विज्ञापन


34 केंद्रों में एक किमी से अधिक पैदल चलना पड़ेगा

जिले में 34 परीक्षा केंद्र सड़क से एक किलोमीटर अथवा इससे ज्यादा दूरी पर हैं। छात्रों को पैदल चलकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना होगा। जिनमें जीआईसी चौराहवालबाग, नगरखान, भल्यूटा, भकुना, रैंगल, चमतोला, कमलेश्वर, मेरगांव, बमनस्वाल, आरासल्पड, शहरफाटक, सत्यों, जसकोट, गणनाथ, बंगोडा, शेर, सिलोरमहादेव, लोधियाखान, चौमूधार, मजखाली, श्रीखेत, खीड़ा, योगसैंणरामपुर, पंतस्थली, चिंतोली, महरौली, तया, सोलीसल्ट, नगचूलाखाल, मालीखेत, नेवलगांव हरड़ा, टोटाम, इंटर कालेज चनोली, टिटरीगुरना परीक्षा केंद्र शामिल हैं।

नकलचियों को पकड़ने के लिए चार उड़नदस्ते गठित

उत्तराखंड हाइस्कूल और इंटर बोर्ड परीक्षा के दौरान नकलचियों पर पैनी नजर रखी जाएगी। नकल विहीन परीक्षा के लिए जिले स्तर पर मुख्य शिक्षाधिकारी जगमोहन सोनी, जिलाधिकारी (माध्यमिक) एचबी चंद, जिला शिक्षाधिकारी (बेसिक) रायसाहब यादव, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में चार उड़नदस्ते बनाए गए हैं जो परीक्षा केंद्रों में छापा मारेंगे।


सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं भी आज से

सीबीएसई की हाइस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं भी सोमवार पांच मार्च से प्रारंभ होंगी। नगर में आर्मी पब्लिक स्कूल, शारदा पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सोमवार को सीबीएसई के हाइस्कूल की इंफारमेशन टेक्नोलॉजी और इंटर के अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें