अल्मोड़ा। जिले में द्वितीय चरण में गेस्ट टीचरों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को काउंसिलिंग के बाद एलटी संवर्ग में 83 गेस्ट टीचरों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए।
कलक्ट्रेट में नियुक्ति कमेटी के अध्यक्ष अपर जिलाधिकारी बीएल फिरमाल, सचिव मुख्य शिक्षा अधिकारी एचबी चंद, डायट के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र सिंह की देखरेख में एलटी संवर्ग के गेस्ट टीचरों के लिए अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग की गई। जिसमें सामान्य शाखा में 76 और महिला शाखा में सात अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग में शामिल हुए। मौके पर ही काउंसलिंग के बाद अभ्यर्थियों को स्कूलों का आवंटन कर तैनाती के लिए नियुक्ति पत्र जारी किए गए। मुख्य शिक्षा अधिकारी एचबी चंद ने बताया कि प्रवक्ता संवर्ग में गेस्ट टीचरों की नियुक्ति के लिए शुक्रवार छह नवंबर को कलक्ट्रेट में काउंसिलिंग की जाएगी। एलटी संवर्ग के जो अभ्यर्थी काउंसिलिंग के लिए बृहस्पतिवार को नहीं आ सके हैं ऐसे अभ्यर्थी शुक्रवार को काउंसिलिंग में शामिल हो सकते हैं। इस मौके पर कलक्ट्रेट के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल, सभी ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी धीरेंद्र कुमार पाठक, जगदीश सोनाल आदि मौजूद रहे।