मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट विकासखंड के अंतर्गत रामनगर-मरचूला मोटर मार्ग पर मोहान के पास बृहस्पतिवार की तड़के एक टस्कर (हाथी) सड़क के बीचों-बीच में आ गया। टस्कर ने रामनगर से नागचूला की तरफ जा रही बस को रोक दिया। इससे बस में बैठे यात्रियों की जान पर बन आई। चालक ने सूझबूझ से हाथी से बचते हुए वाहन को आगे निकाल लिया। इसके बाद हाथी सड़क में ही घूमता रहा।
इस दौरान मार्ग पर तीन घंटे जाम लगा रहा। हाथी ने सड़क किनारे फंसे एक ट्रक में लदा हुआ राशन चट कर डाला। बाद में लोगों के शोर मचाने पर हाथी जंगल की तरफ चला गया। इसके बाद जाम खुल सका।
रामनगर-मरचूला मोटर मार्ग पर मोहान के पास बृहस्पतिवार की सुबह चार बजे एक टस्कर सड़क के बीचों-बीच आ गया।
टस्कर हाथी ने रामनगर से नागचूला की तरफ जा रही कुमाऊं आदर्श की बस को रोक दिया और गाड़ी के चारों ओर घूमने लगा। इस कारण बस में बैठे यात्री घबरा गए। चालक ने सूझबूझ से किसी तरह बस आगे बढ़ा दी और यात्री सुरक्षित गंतव्य को निकल गए। इसके बाद हाथी सड़क पर ही घूमता रहा। हाथी के सड़क पर आने से तीन घंटा जाम लग गया।
जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। रामनगर से देघाट की तरफ जा रहा ट्रक संख्या यूके-04-सीबी-0810 सड़क किनारे कीचड़ में फंस गया। टस्कर ने ट्रक में रखा राशन चट कर दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग के कुछ कर्मचारी और पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। लोगों के शोर मचाने पर हाथी जंगल की तरफ चला गया। इसके बाद तीन घंटे से लगा जाम करीब सात बजे खुल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आए दिन हाथी सड़कों में आ-जा रहे हैं, इस कारण अकेले आवाजाही करने वाले लोगों को जान का खतरा बना हुआ है।