अल्मोड़ा। एआरटीओ ने लंबे समय से रोड टैक्स जमा नहीं करने वाले 21 व्यवसायिक वाहन स्वामियों से 11.50 लाख रुपये वसूल करने के लिए आरसी (राजस्व विभाग से वसूली की कार्रवाई) जारी करवा दी है। अब इन वाहन स्वामियों द्वारा जल्द टैक्स जमा नहीं करने पर संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी। इसके अलावा 125 अन्य वाहन स्वामियों को टैक्स वसूली के लिए अंतिम नोटिस जारी किया गया है। संभागीय परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से वाहन स्वामियों में हड़कंप है।
एआरटीओ आलोक कुमार जोशी ने बताया कि कई वाहन स्वामी नियमानुसार रोड टैक्स का समय पर भुगतान नहीं कर रहे हैं। करीब 125 से अधिक व्यवसायिक वाहनों स्वामियों पर 70 लाख से अधिक टैक्स की वसूली की जानी है।
तीन बार नोटिस जारी करने के बावजूद 21 बड़े बकाएदारों ने टैक्स जमा नहीं किया। इस पर इन सभी के खिलाफ राजस्व विभाग के माध्यम से वसूली करने के लिए आरसी जारी कर दी गई है।
अगर इन सभी वाहन स्वामियों ने बकाये की 11.50 लाख रुपये राशि का भुगतान नहीं किया तो उनकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी। एआरटीओ ने यह भी बताया कि इनके अलावा 125 अन्य व्यवसायिक वाहन स्वामियों के खिलाफ भी टैक्स वसूली की कार्रवाई शुरू की गई है।
इन्हें तीसरा और अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। अगर अंतिम नोटिस मिलने के बावजूद उन्होंने टैक्स जमा नहीं किया तो उनके खिलाफ भी आरसी की कार्रवाई की जाएगी।