अल्मोड़ा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय होम स्टे योजना में जो भी आवेदन करेगा उसे उद्योग विभाग में पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। उन्होंने उद्यमियों से अधिक से अधिक पर्वतीय शैली को प्राथमिकता देते हुए भवन निर्माण कराने पर जोर दिया।
पर्यटन विभाग की बैठक लेते हुए उन्होंने बताया कि गणानाथ, बिनसर, ताड़ीखेत, चितई, पेटशाल आदि स्थानों से जिन आवेदकों ने आवेदन किया है उनको वहां शौचालय, भोजनालय आदि की व्यवस्था करने के साथ पर्यटकों की रुचि के अनुसार वातावरण बनाना होगा। उन्होंने बताया कि जिन आवेदकों के आवेदन में कमियां हैं ऐसे आवेदकों को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना के तहत लाभान्वित किया जाएगा। बैठक में पर्यटन, उद्योग विभाग के अलावा लीड बैंक के प्रतिनिधि मौजूद रहे। ब्यूरो