मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट की सबसे बड़ी गुलार-करगेत पेयजल योजना के पाइप लाइन फटने से दो दर्जन से अधिक गांवों में पेयजल आपूर्ति दूसरे दिन भी ठप रही। दो दिनों से पानी नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ठंड के मौसम में लोगों को दो से तीन किमी दूर से पानी ढोना पड़ा। इधर झिमार के पास पेयजल योजना के फटे पाइप को जोड़ दिया गया है। अब पाइप लाइन में हवा भर गई है, इससे पानी आपूर्ति ठप पड़ी है।
सल्ट की सबसे बड़ी गुलार-करगेत पेयजल योजना का पाइप झिमार के पास शनिवार को फट गया था। इस कारण मौलेखाल, जालीखान, कपड़ाढैया, तहसील, शशिखाल, सकरखोला, घचकोट, पोखरी, वैला, देवायल, करगेत, मुनड़ा, जसपुर, बांगीधार, देवीथाल, रणथंमल, नौकुचिया समेत दो दर्जन से अधिक गांवों में जलापूर्ति दूसरे दिन भी पूरी तरह ठप रही। ठंड के मौसम में लोग काफी परेशान रहे।
हैंडपंपों और जल स्रोतों में सुबह से ही पानी के लिए लोगों की भीड़ जमा होने लगी थी। इसके बावजूद लोगों को जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिला। ठंड के मौसम में पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने प्रभावित क्षेत्र में पेयजल टैंकरों से पानी वितरित करने की मांग की है।