अल्मोड़ा। जिले के वाहन स्वामियों को अब स्मार्ट कार्ड आरसी मिलनी शुरू हो गई है। मंगलवार को एआरटीओ आलोक कुमार जोशी ने नया वाहन लेकर एआरटीओ कार्यालय पहुंचे एक वाहन स्वामी को स्मार्ट कार्ड आरसी प्रदान करते हुए इसकी शुरुआत कर दी है। एटीएम कार्ड की तरह दिखने वाले स्मार्ट कार्ड आरसी में बार कोड होने के कारण वाहन स्वामी और वाहन से संबंधित पूरी जानकारी मौजूद रहती है।
जिले में अभी तक वाहन स्वामियों को नार्मल कागज में आरसी मिलती थी। जो बड़ी होने के साथ ही जेब में रखने में भी परेशानी होती थी। जबकि स्मार्ट कार्ड आरसी एटीएम कार्ड की तरह दिखने वाला कार्ड है। इसमें एक चिप लगी होती है जिसमें बार कोड होता है और चिप में वाहन स्वामी और वाहन के बारे में पूरी जानकारी दर्ज रहती है।
मंगलवार को नए वाहन का रजिस्ट्रेशन कराने एआरटीओ कार्यालय पहुंचे महेश खोलिया नाम के वाहन स्वामी को एआरटीओ आलोक कुमार जोशी ने स्मार्ट कार्ड आरसी प्रदान की। एआरटीओ ने बताया कि जिले में 38 हजार दो पहिया और चौपहिया वाहन हैं। इन सभी वाहन स्वामियों को स्मार्ट कार्ड आरसी बनवाना आवश्यक है। पुरानी आरसी को स्मार्ट कार्ड आरसी में बदलने के लिए सिर्फ 220 रुपये अतिरिक्त खर्च करना है। उन्होंने जिले के सभी दोपहिया, चौपहिया वाहन स्वामियों से निर्धारित शुल्क में जल्द से जल्द नया स्मार्ट कार्ड आरसी बना लेने को कहा है।