अल्मोड़ा। बुधवार को मौसम ने करवट बदली और पूरे दिन बादल छाए रहे। शाम के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदा बांदी भी हुई। ठंड से बचने के लिए घर, दफ्तर और दुकानों में लोग हीटर और अलाव सेंकते नजर आए।
इधर आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को न्यूनतम तापमान छह डिग्री और अधिकतम 12 डिग्री रिकार्ड किया गया। शाम के समय ठंड बढ़ने से दुकानें भी जल्द बंद हो गईं।
उधर रानीखेत में भी कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। ठंड से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाते नजर आए।
सायंकाल हल्की बूंदाबांदी के चलते तापमान में और गिरावट आ गई। रानीखेत के ऊंचाई वाले चौबटिया, दूनागिरि, पांडवखोली सहित तमाम स्थानों पर कड़ाके की ठंड पड़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने कोयला उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।