अल्मोड़ा। नगर के थाना बाजार स्थित कुंदन लाल शाह प्रेक्षागृह में दस नवंबर से होने जा रहे तीन दिवसीय दसवें राष्ट्रीय कुमाऊंनी भाषा सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। सम्मेलन में विभिन्न पुरस्कार दिए जाएंगे।
डॉ. हयात सिंह रावत ने बताया कि प्रसिद्ध लोक गायक और कवि हीरा सिंह राणा को शेर सिंह बिष्ट अनपढ़ कुमाऊंनी कविता पुरस्कार दिया जाएगा। राणा के प्यौली और बुरांश, मनखौं पडयौव कविता संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। सैन्य पृष्ठ भूमि से संबंधित लेखन के लिए विक्टोरिया क्रॉस कैप्टन गजे घले स्मृति पुरस्कार कुमाऊंनी साहित्यकार पूरन चंद्र कांडपाल को प्रदान किया जाएगा। कांडपाल को यह पुरस्कार उनकी महामनखी पुस्तक के लिए दिया जाएगा।
कविता पुरस्कार निर्णायक समिति में त्रिभुवन गिरी, डॉ. कपिलेश भोज, डॉ. मनोहर जोशी और सैन्य पृष्ठ भूमि पुरस्कार निर्णायक समिति में नीरज पंत, रतन सिंह किरमोलिया, जगदीश जोशी थे। दोनों को नकद धनराशि, अंगवस्त्र और सम्मान पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द कुमाऊंनी कहानी पुरस्कार और अन्य पुरस्कारों की भी घोषणा की जाएगी।