चौखुटिया (अल्मोड़ा)। खीड़ा में तीन सूत्री मांगों को लेकर क्रमिक अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों के साथ एसडीएम की वार्ता विफल रही। तीसरे दिन दो आमाओं समेत सात महिलाएं क्रमिक अनशन पर बैठी हैं।
खीड़ा क्षेत्र से शराब का ठेका निरस्त करने, जीआईसी में गणित विषय खोलने तथा खीड़ा-बच्छावान सड़क पर पड़े गड्ढे ठीक करने सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर खीड़ा में चल रहे इस आंदोलन के तीसरे दिन लोगों ने शासन प्रशासन के रवैये पर आक्रोश जताया। शुक्रवार को 84 वर्षीय केशरी देवी, 70 वर्षीय सीता देवी के अलावा धर्मा देवी, रमोती देवी, हंसी देवी, देवकी देवी तथा जयंती देवी क्रमिक अनशन पर बैठी। उनके समर्थन में किसन राम, प्रेमसिंह, माधोसिंह, शेरसिंह, नंदन सिंह, पानसिंह, कलम सिंह, लक्षमण सिंह व आनंद सिंह आदि धरने पर बैठे। अनशनकारियों से वार्ता को पहुंचे एसडीएम रजा अब्बास उन्हें नही मना पाए। ग्रामीणों ने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।