अल्मोड़ा। विधानसभा उपाध्यक्ष और विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि कोसी जीवनदायनी नदी है। इसे पुनर्जीवित करने के लिए हमें सामूहिक प्रयास करने होंगे। नंदादेवी मंदिर प्रांगण में कोसी पुनर्जनन के लिए वाक फार कोसी अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को जागरूक होकर स्वत: स्फूर्त भावना से इस अभियान से जुड़ना होगा।
उन्होंने कहा कि कोसी पुनर्जनन अभियान मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजक्ट है। इसे जन सहभागिता से सफल बनाना होगा। उन्होंने ग्रामीणों से गांव में धारों-नौलों की सफाई के साथ ही उनके संरक्षण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
एसएसजे परिसर के भूगोल विभागाध्यक्ष और एनआरडीएएमएस के निदेशक प्रो. जीएस रावत ने कहा कि कोसी पुनर्जनन के लिए कोसी कैचमेंट एरिया को 14 रिचार्ज जोनों में बांटा गया है। जहां पर पौधरोपण सहित अन्य सुधारात्मक कार्य किए जा रहे हैं। कोसी कैचमेंट एरिया के घटते जल स्तर पर चिंता जताते हुए
उन्होंने कहा कि हमें इस ओर ध्यान देना होगा तभी मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट को नई दिशा मिलेगी। सीडीओ मयूर दीक्षित ने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता के सहयोग से इस अभियान को गति देने का प्रयास कर रहा है।
इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, अल्मोड़ा अर्बन कोआपरेटिव बैंक के अध्यक्ष आनंद बगड़वाल, केवल सती, प्रताप सत्याल, डॉ. अरुण पंत, जीसी जोशी, कैलाश गुरुरानी, रवि रौतेला, गिरीश शर्मा, विनीत बिष्ट, यूसुफ तिवारी, गिरीश मल्होत्रा, आनंद ऐरी, लक्ष्मण सहित कई लोग मौजूद थे।