सोमेश्वर (अल्मोडा)। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी देने के लिए जिम हॉल सोमेश्वर में कार्यशाला आयोजित की गई। एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि हिमांशु राणा ने सभी कृषकों से अपनी फसलों का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बीमा करने का आह्वान किया, ताकि फसल को क्षति होने पर भरपाई की जा सके।
उन्होंने कार्यशाला में मौजूद काश्तकारों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि न्यूनतम प्रीमियम में काश्तकार फसल बीमा योजना का लाभ उठा सकते हैं। कृषि विज्ञान केंद्र मटेला के डॉ. राजेश कुमार ने मडुवा और धान के उत्पादन के बारे में बताया। ब्लॉक प्रमुख दीपक बोरा ने सभी कृषकों से पीएम बीमा योजना का लाभ उठाने और फसलों का बीमा करने का आग्रह किया।
इस मौके पर कृषकों ने मडुवा प्रोत्साहन राशि के वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए जांच की मांग भी उठाई। आरोप लगाया कि कुछ काश्तकारों को प्रोत्साहन राशि मिली और कुछ को नहीं। कतिपय प्रकरण ऐसे भी हैं कि जो काश्तकार खेती नहीं करते हैं और बाहर रहते हैं, उन्हें तक प्रोत्साहन राशि दे दी गई। जबकि कई पात्र काश्तकार प्रोत्साहन राशि से वंचित हैं। इस मौके पर विकासखंड प्रभारी दीप चंद्र पाटनी, भंडार प्रभारी हरीश बहेड़ा, न्याय पंचायत प्रभारी संजय भाकुनी, आत्मा के नीरज पंत, क्षेत्र पंचायत सदस्य कृष्णा भंडारी, सुरेश बोरा, व्यापार संघ अध्यक्ष आनंद सिंह बोरा, कौशल्या बिष्ट, आदि मौजूद थे।