चौखुटिया (अल्मोड़ा)। राजकीय इंटर कॉलेज चौखुटिया में शनिवार को आयोजित विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में भाग लेने के लिए शुक्रवार को दिल्ली से पहुंचे चिकित्सकों सहित अस्सी सदस्यीय टीम का चौखुटिया पहुंचने पर छोलिया नृत्य, श्रृंकार की प्रस्तुति से भव्य स्वागत किया। जुनून चैरिटेबल ट्रस्ट से जुड़े अपोलो, फोर्टिस जैसे बड़े अस्पतालों के चिकित्सकों ने काफी देर तक राजकीय हाइस्कूल भटकोट के छात्रों द्वारा प्रस्तुत छोलिया का आनंद लिया। वहीं कुमाऊं की श्रृंकार नृत्य का भी लुफ्त लिया। शनिवार को होने वाले शिविर में डॉक्टर नेत्र रोग, ईएनटी, दंत रोग, महिला रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग, फिजिशियन, डाइटीशियन सहित कई रोगों के विशेषज्ञ मरीजों को देखेंगे। शिविर के लिए जीआईसी के 16 कक्षों में पूरी व्यवस्था की गई है। शिविर सुबह आठ बजे शुरू होगा। स्थानीय स्तर पर रामगंगा सेवा समिति, गेवाड़ संकल्प समिति, चौखुटिया विकास समिति से जुड़े तमाम कार्यकर्ता व्यवस्थाएं देख रहे हैं। ब्यूरो