अल्मोड़ा। जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव ने जनता दरबार लगाकर जिला मुख्यालय के अलावा सुदूरवर्ती तहसीलों में वीडियो कांफ्रेंसिंग से जन समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता दरबार में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। कोई भी अधिकारी अनुपस्थित पाया गया तो आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बिजली, पानी, जल संस्थान, स्वास्थ्य से जुड़े अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा।
डीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से द्वाराहाट, भिकियासैंण, सल्ट में समस्याएं सुनीं। सल्ट में भवानी देवी पेयजल योजना के पुनर्गठन, भिकियासैंण में बिजली अव्यवस्था पर एडीएम को कार्रवाई करने को कहा। भिकियासैंण तहसील मुख्यालय सहित अन्य क्षेत्रों में विज्ञान विषय के शिक्षकों के नहीं होने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलाई तक स्थानांतरण अथवा गेस्ट टीचरों के माध्यम से शिक्षकों की व्यवस्था करें।
द्वाराहाट क्षेत्र में विधवा पेंशन नहीं मिलने, राशन कार्ड उपलब्ध नहीं होने, प्रधानमंत्री आवास योजना में घर उपलब्ध कराने की मांग उठाई। डीएम ने उरेडा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भिकियासैंण क्षेत्र में विभाग द्वारा लगाए गए सोलर प्लांट की खराबी दूर करें। अधीक्षण अभियंता को सभी स्थानों पर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों के लिए जो पंजिका बनाने के निर्देश दिए गए हैं, उसका समय-समय पर वह स्वयं अवलोकन करेंगी। इस अवसर पर प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर मनीष बिष्ट, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, जल संस्थान के एसई केएस खाती आदि उपस्थित थे।