अल्मोड़ा। ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता में नगर के पूर्वी पोखरखाली निवासी प्रतुल जोशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एकल का खिताब जीत कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। सिक्किम में चार से नौ दिसंबर तक हुई प्रतियोगिता में प्रतुल ने यह उपलब्धि हासिल की।
क्वार्टर फाइनल में प्रतियोगिता के प्रतुल जोशी ने छत्तीसगढ़ के सिद्धार्थ प्रताप सिंह को 22-20, 21-17 से पराजित किया। सेमीफाइनल में गुजरात के ऐड्रियन जॉर्ज को 21-18, 21-19 से पराजित किया। फाइनल मैच में महाराष्ट्र के सिद्धार्थ ठाकुर को 13-21, 21-16, 21-15 से हराकर वह चैंपियन बने।
प्रतुल जोशी का राष्ट्रीय रैकिंग प्रतियोगिता में यह दूसरा खिताब है। इससे पहले उन्होंने गुंटूर (आंध्र प्रदेश) में हुई प्रतियोगिता में अपना पहला खिताब जीता था।
प्रतुल ने सफलता का श्रेय अपने पिता और बैडमिंटन के राष्ट्रीय कोच अतुल जोशी और माता गुड्डी जोशी को दिया है।
उनकी उपलब्धि पर शिशु मंदिर के पूर्व आचार्य नरेंद्र कुमार जोशी, शांति जोशी, उषा जोशी, रमेश तिवारी, युवक मंगल दल चौकुना के अध्यक्ष कृष्णा सिंह धानक, आदि खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है।