अल्मोड़ा। जिले के 53 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को 7205 अभ्यर्थियों ने वन आरक्षी की लिखित परीक्षा दी। केंद्र से बाहर निकले परीक्षार्थी खुस नजर आए। उन्होंने कहा कि पेपर सरल था। अब परिणाम का इंतजार है।
रविवार को जिले में 53 परीक्षा केंद्रों पर हुई वन आरक्षी की परीक्षा के लिए 11130 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। लेकिन 7205 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए जबकि 3925 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि तर्क शक्ति के कुछ सवालों ने उलझन पैदा की जबकि अन्य सवाल काफी सरल थे। पुलिस ने परीक्षा को लेकर खासी तत्परता दिखाई। केंद्रों में तैनात पुलिस कर्मियों ने सभी परीक्षार्थियों की जांच के बाद उन्हें केंद्र में जाने की इजाजत दी।
परीक्षा से पूर्व नकल रैकेट का पर्दाफाश होने से खुशी
अल्मोड़ा। भर्ती परीक्षा से ठीक पहले वन आरक्षी परीक्षा का पेपर लीक करने के षडयंत्र का भंडाफोड़ होने से परीक्षार्थी खुश नजर आए। कहा कि उन्होंने परीक्षा के लिए काफी मेहनत की थी। ऐसे में यदि यह परीक्षा भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती तो निश्चित तौर पर उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता। कहा कि नकल माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
बोले युवा
लंबे समय से परीक्षा की तैयारी कर रहा था। पेपर में सभी सवालों के जवाब लिखे हैं। उम्मीद है कि परीक्षा परिणाम भी सकारात्मक आएगा। - राकेश सिंह, अल्मोड़ा
प्रश्न पत्र में कई सवाल पढ़े हुए आए थे। पेपर अच्छा गया है। अब अन्य परीक्षा की तैयारी करनी है। बेरोजगारी के चलते परेशानी झेलनी पड़ रही है। - रितेश गैड़ा, अल्मोड़ा
अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी कर रहा हूं। वन आरक्षी भर्ती में पूछे गए अधिकांश सवालों के जवाब लिखे हैं। सफलता की उम्मीद है। - जीवन रावत, अल्मोड़ा
हिंदी के सवालों ने उलझन पैदा की। कंप्यूटर और तर्क शक्ति के सवाल पढ़े हुए आने से राहत मिली है। अब परिणाम का इंतजार है। - नवीन सिंह, लमगड़ा