अल्मोड़ा। जिला और महिला चिकित्सालय संचालक मंडल की बैठक में जहां औषधि, उपकरण, बिजली, पानी, कार्यालय व्यय, सफाई व्यवस्था, भोजन व्यवस्था, लघु निर्माण, अतिथि व्यय एवं अन्य आवश्यक व्ययों के लिए बजट पारित किया गया। वहीं जिला अस्पताल में एक सोलर प्लांट लगाए जाने पर सहमति भी हुई। बैठक में माल रोड में शौचालय के सामने ड्रेनेज सिस्टम खराब होने का मामला सामने आने पर जिलाधिकारी नितिन सिंह ने अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड को एक सप्ताह के भीतर इसे ठीक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला अस्पताल में किए जाने वाले कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा और दोनों अस्पतालों में ढाई लाख तक कि औषधि एवं रसायन कोटेशन के माध्यम से क्रय करने की स्वीकृति दी। उन्होंने अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग को प्रस्तुत आगणन के अनुसार शौचालय की छत, किचन, फर्श एवं दीवार में टाइल्स, पेइंग वार्ड में एल्युमिनियम केबिन कार्य को नियमानुसार करने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान अस्पताल में दो पल्स ओक्समीटर खरीदने, महिला अस्पताल में दो वार्ड आया, एक लेखाकार, एक विद्युतकार, पूर्व से कार्य कर रहे डाटा एंट्री आपरेटर की पुन: 89 दिन के लिए संविदा अवधि बढ़ाए जाने पर सहमति बनी। इसके अलावा प्रसव के लिए पीसीसी वार्ड के लिए एसी लगाने के प्रस्ताव को हरी झंडी देते हुए उन्होंने क्रय करने की सहमति दी। इससे पूर्व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रकाश वर्मा ने महिला और जिला अस्पताल के कार्यों की समीक्षा रिपोर्ट और दिसंबर तक व्यय किए गए प्रस्ताव रखे।
बैठक में पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रकाश वर्मा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सविता ह्यांकि, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.आरसी पंत, डॉ. दीपक गर्ब्याल, कोषाधिकारी प्रकाश पंत, सदस्य अशोक पांडे, मोतीलाल वर्मा, सुनील जोशी आदि मौजूद थेे।