अल्मोड़ा। नगरपालिका परिषद अल्मोड़ा में अध्यक्ष और सभासद का चुनाव लड़ रहे 19 प्रत्याशियों ने प्रशासन को चुनाव खर्च का ब्यौरा उपलब्ध नहीं कराया है। निर्वाचन अधिकारी उपजिलाधिकारी विवेक राय ने ऐसे प्रत्याशियों को जल्द चुनाव खर्च की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका के 13 वार्डों में 51 सभासद और अध्यक्ष पद के दस प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें अध्यक्ष पद के पांच और सभासद पद के 14 प्रत्याशियों ने चुनाव खर्च का ब्यौरा निर्वाचन विभाग को उपलब्ध नहीं कराया है। निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने ऐसे सभी प्रत्याशियों को जल्द चुनाव खर्च ब्यौरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रत्याशियों को सूचित कर दिया गया है। यदि चुनाव के पश्चात भी उनके द्वारा चुनाव खर्च का ब्यौरा उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो वह भविष्य में चुनाव लड़ने के अयोग्य ठहराए जा सकते हैं।