अल्मोड़ा। नगर निवासी जन्मेजय तिवारी वैश्विक शांति एवं विवादों को सुलझाने में युवाओं की भूमिका विषय पर आयोजित सम्मेलन में भाग लेने स्वीडन रवाना होंगे। सम्मलेन का आयोजन विश्व शांति मानवाधिकारों, लोकतंत्र कानूनों के साथ श्रमिक हितों के लिए काम करने वाली ओल्फ प्लम इंटर नेशनल सेंटर और इंटर नेशनल सेंटर ऑफ सोशलिस्ट यूथ द्वारा किया जा रहा है। जन्मेजय इस कार्यक्रम में भारत के साथ यंग ग्रीन की अंतरराष्ट्रीय संचालन समिति का प्रतिनिधित्व करेंगे।
स्टाक होल्म स्वीडन में हो रहे सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मिडिल ईस्ट एवं नार्थ अफ्रीका रीजन के युवाओं को वैश्विक स्तर पर काम कर रहे युवाओं के साथ लाकर अनुभवों के आदान-प्रदान कर विवादग्रस्त क्षेत्रों में शांति स्थापित करना है। जन्मेजय के पिता वरिष्ठ पत्रकार और उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने बताया कि यात्रा का पूरा खर्च आयोजकों की ओर से किया जा रहा है। सम्मेलन पांच से आठ अक्तूबर तक चलेगा।