अल्मोड़ा। पर्यटन और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए अल्मोड़ा में 12 से 14 अक्तूबर तक जिला मुख्यालय में अल्मोड़ा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी अल्मोड़ा आएंगे। महोत्सव के दौरान रंगारंग कार्यक्रमों के अलावा हेरिटेज वॉक, कवि सम्मेलन, साइकिल रैली, फोटोग्राफी प्रदर्शनी आदि का आयोजन भी किया जाएगा।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही यहां की संस्कृति को संरक्षित करने के लिए अल्मोड़ा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी और उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को आपसी समन्वय से कार्यक्रम तैयार करने को कहा। डीएम ने बताया कि कार्यक्रम स्थानीय स्टेडियम, रघुनाथ मॉल, कसारदेवी, उदय शंकर नाट्य अकादमी, जागेश्वर और रानीखेत में आयोजित किए जाएंगे। इसके जरिये उद्यमियों और पर्यटकों को अल्मोड़ा आकर्षित करने की भी योजना है। महोत्सव के लिए तैयारी बैठक में सीडीओ मयूर दीक्षित ने भी कई सुझाव दिए। बैठक में जीएम जिला उद्योग केंद्र डा. दीपक मुरारी, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, दीपा पांडे आदि मौजूद थे।