अल्मोड़ा। जंगल की आग आबादी क्षेत्रों के समीप आने लगी है। जंगल की आग के चपेट में आने से हवालबाग विकासखंड के अंतर्गत सरना स्थित पशु सेवा केंद्र के भवन जल गया है। आग से भवन के भीतर रखी दवाएं, कागजात, फर्नीचर समेत अन्य सामान भी जल गया।
गत शाम जंगल की आग सरना स्थित पशु सेवा केंद्र तक पहुंच गई। वनाग्नि से क्वारब के निकट सरना स्थित पशु सेवा केंद्र का भवन जल गया। पशुधन प्रसार अधिकारी ने अपने पति के साथ आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन काबू नहीं पाया जा सका। रविवार शाम करीब 7:30 बजे आग बुझी। आग से केंद्र के भवन को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं भीतर रखी दवाइयां, रजिस्टर, जरूरी सामान समेत फर्नीचर जलकर राख हो गया। बाद में स्थानीय पटवारी भी मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में वन विभाग और आपदा प्रबंधन केंद्र सूचित किया गया, लेकिन कोई नहीं पहुंचा।
इधर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रवींद्र चंद्रा ने बताया कि अग्निकांड से केंद्र के भवन को काफी नुकसान पहुंचा है। छत की बल्लियां भी जल गईं और दरवाजों को भी नुकसान पहुंचा है।