अल्मोड़ा/मानिला। नगर के ब्राइट एंड कॉर्नर के पास जंगल में लगी आग रामकृष्ण कुटीर के पास पहुंच गई जिससे हड़कंप मच गया। लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। उधर सल्ट विकासखंड के मानिला समेत आसपास के कई जंगलों में दो दिनों से आग भड़की हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार दिन के समय कुछ युवक ब्राइट इन कॉर्नर के पास जंगल में बैठ कर सिगरेट पी रहे थे। जली हुई सिगरेट जंगल में फेंक देने से कुछ ही समय में जंगल में आग लग गई। हवा चलने पर जंगल में तेजी से आग भड़क गई। देखते-देखते जंगल की आग आबादी की तरफ बढ़ गई। इस स्थान पर रामकृष्ण कुटीर, आकाशवाणी कालोनी समेत अन्य लोगों के आवास हैं। आबादी क्षेत्र की ओर आग बढ़ने पर लोगों मे हड़कंप मच गया। लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड का वाहन मौके पर पहुंच गया। काफी मशकत के बाद जंगल की आग पर काबू पाया जा सका। अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। उधर विश्वनाथ से कुछ दूरी पर सुवाल नदी के पास ढौरा से लगे जंगलों में भी सोमवार को दिन के वक्त आग भड़क गई। आग ने कुछ ही देर में भीषण रूप धारण कर लिया। आग के कारण शाम तक काफी वन संपदा नष्ट हो गई।
मानिला। सल्ट विकासखंड के नैल, कनगड़ी, सकनणा, बेसरबगड़, कुन्हील, बिछखोली, छिगंगा, सैंणामानुर, ईड़ाकोट के जंगलों और वन पंचायत के जंगलों में दो दिनों से आग भड़की हुई है। जंगल की आग अब आबादी क्षेत्र में पहुंचने लगी है। जंगल की आग से टिटोली ग्राम पंचायत में आनंदी देवी के तीन घास के लुट्टे और इसी गांव की पदुली देवी के जलौनी लकड़ी का ढेर जलकर राख हो गया है। जंगलों में आग लगने से क्षेत्र में धुंध छाई हुई है। सदर बाजार-चौना मोटर मार्ग में चीड़ के गिल्टे, काफी पीरुल पड़ा है। इससे आग और अधिक भड़कने की आशंका है। यदि चीड़ के गिल्टों को शीघ्र नहीं हटाया गया तो वन पंचायतों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। वन पंचायत सरपंच कैलाश तिवारी ने डीएम को ज्ञापन भेजकर सड़क में पड़े चीड़ के गिल्टों को हटाने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि आग बुझाने के लिए वन विभाग के कर्मचारी नहीं पहुंचे हैं।
फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
सल्ट विकासखंड के कई जंगलों में भड़की आग, क्षेत्र में धुंध छाई