अल्मोड़ा। राइंका गोविंदपुर में आर्ट एवं क्राफ्ट प्रशिक्षण के तहत विद्यार्थियों को कलाकृतियां बनाना सिखाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा निर्मित टोकरी, पहाड़ी सूपे, झाड़ू कंडी आदि कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई।
रमसा के अंतर्गत विद्यालय में 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 45 दिनी आर्ट एवं क्राफ्ट कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 60 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में बच्चों को स्थानीय कच्चे माल से उपयोगी सामग्री बनना सिखाया गया। बच्चों ने रिंगाल से टोकरियां, सूपे, झाड़ू, कंडी, चीड़ के ठीटे से सजावटी सामग्री, निष्प्रयोज्य कार्ड से फोटो फ्रेम, पैन स्टैंड, कुशन, कड़ाई कार्य, अल्पना आदि बनाने का प्रशिक्षण भी लिया। इसके अलावा कपड़े में कड़ाई कर मेजपोश, कुशन कवर बनाया। स्थानीय शिल्पी दीवान राम और चांदनी ने बच्चों को प्रशिक्षण दिया। प्रधानाचार्य मदन मोहन वर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण विद्यार्थियों के स्वरोजगार में भी सहायक होगा। इस मौके पर पीटीए अध्यक्ष हरीश चंद्र तिवारी, एसएमसी अध्यक्ष संदर सिंह भंडारी, शिक्षक जीसी पांडे, सरोजनी नब्याल, विद्या भाकुनी, सुंदर लाल आर्य, मनोज कुमार जोशी, ललित मोहन पांडे, दिलशाद कुरैशी, महेंद्र सिंह बिष्ट आदि थे।