अल्मोड़ा। न्यू इंदिरा कालोनी खत्याड़ी निवासी हिमांशु धर्मशक्तू की मौत का पर्दाफाश करने की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना जारी है। रविवार को तीसरे दिन भी ग्रामीणों ने गांधी पार्क में सभा की और हिमांशु की मौत का पर्दाफाश करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने हिमांशु की मौत के खुलासे की मांग को लेकर 21 दिसंबर को नगर में जुलूस निकालने और एसएसपी को ज्ञापन देने की बात कही।
जन संघर्ष समिति के बैनर तले हुई सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बीते 29 नवंबर को कोसी नदी किनारे शव बरामद होने के बाद से अब तक पुलिस हिमांशु की मौत का खुलासा नहीं कर सकी है। इस मामले में सिर्फ खानापूर्ति कर लोगों को बहलाया जा रहा है। ग्रामीणों ने हिमांशु की मौत मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी है। उन्होंने हिमांशु की मौत प्रकरण का शीघ्र खुलासा करने की मांग को लेकर 21 दिसंबर को नगर में जुलूस निकालने और एसएसपी को ज्ञापन देने की बात कही। इधर धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने भी पुलिस से इस मामले की निष्पक्ष जांच करने को कहा। धरने को पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, प्रदेश कांग्रेस सचिव त्रिलोचन जोशी, भूपेंद्र भोज, बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष कुंदन लटवाल ने भी समर्थन दिया। इस अवसर पर हरीश कनवाल, केबी जोशी, मोहन सिंह अल्मियां, डा. लसपाल, राघवेंद्र सिंह, आनंद सिंह, खीम सिंह आदि काफी संख्या में लोग मौजूद थे।