अल्मोड़ा। कुमाऊं विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के सोमवार को खेले गए मैचों में महाविद्यालय रुद्रपुर, रामनगर और रानीखेत ने जीत दर्ज की।
स्थानीय स्टेडियम में पहला मैच आईएमटी काशीपुर और रुद्रपुर महाविद्यालय के बीच हुआ। रुद्रपुर ने पहले खेलते हुए विशाल के 33 रन की मदद से 20 ओवर में 119 रन बनाए पर आईएमटी काशीपुर की टीम 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 99 रन ही बना सकी। रुद्रपुर ने 20 रन से मैच जीत लिया।
दूसरे मैच में पहले खेलते हुए रामनगर महाविद्यालय की टीम ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर कुशाग्र के 69 और चंद्र प्रकाश के 52 रन की मदद से 214 रन का लक्ष्य बनाया पर डीएसबी परिसर नैनीताल की पूरी टीम 42 रन पर सिमट गई। रामनगर ने 166 रन से मैच जीत लिया। तीसरा और अंतिम मैच महाविद्यालय रानीखेत और बागेश्वर के मध्य हुआ। रानीखेत ने टॉस जीतकर बागेश्वर की टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। बागेश्वर की टीम 15 ओवर में सात विकेट खोकर 112 रन बनाए। रानीखेत की टीम ने 12 ओवर में पंकज के 51 और ध्रुव के 30 रन की मदद से छह विकेट के नुकसान पर मैच में जीत दर्ज कर ली। प्रतियोगिता का संचालन क्रिकेट कोच लियाकत अली खान कर रहे हैं। मैचों के अंपायर राजेंद्र राणा, विक्रम बोरा, मानस साह, देवेंद्र परिहार, कैलाश डोलिया, ललित चौहान, दुष्यंत कुमार थे।